Breaking
Thu. Sep 3rd, 2026

विधायक जगत माझी ने कारो नदी पर निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का किया निरीक्षण

चाईबासा: गुरुवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने बिरकेल पंचायत अंतर्गत कारो नदी पर निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का निरीक्षण किया। बारिश के बीच विधायक ने निर्माण स्थल का जायजा लेते हुए पुल निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अक्टूबर 2026 में पुल का उद्घाटन कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किए जाने की तैयारी है।

कारो नदी पर पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को कई बार जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती थी। पुल का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों की वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।

ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सिंहभूम सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने पुल निर्माण की दिशा में पहल करते हुए इसकी स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुल का निर्माण पूरा होने के बाद बिरकेल, बांदु, पिंडिंग समेत दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

खासकर बरसात के मौसम में ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन का लाभ मिलेगा। पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Related Post