जमशेदपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, परंपरा और प्रकृति के साथ उनके गहरे जुड़ाव की जीवंत झलक देखने को मिली। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच 20 करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों और योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मौके पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान, उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान समेत जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने आदिवासी समाज के वीर नायकों के संघर्ष, त्याग और योगदान को याद करते हुए उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
समारोह में बिरसा मुंडा के जीवन और अंग्रेजी शासन के खिलाफ उनके संघर्ष पर आधारित नाटक का मंचन किया गया। पाईका और छऊ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो गैलरी के माध्यम से आदिवासी वीरों के योगदान और इतिहास को प्रदर्शित किया गया।
इस दौरान प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा खेल, साहित्य, फिल्म और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों को छात्रवृत्ति, साइकिल, वनपट्टा, पेंशन की स्वीकृति, श्रवण यंत्र, अनुदान, सोलर पंप और आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
उपायुक्त राजीव रंजन ने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जुड़ने के साथ जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने की अपील की। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने युवाओं से आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

