Breaking
Sun. Aug 9th, 2026

*174वीं सीआरपीएफ वाहिनी ने मनाया 22वां स्थापना दिवस, शहीदों को दी श्रद्धांजलि*

चाईबासा: 174वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 22वां स्थापना दिवस रविवार को वाहिनी मुख्यालय, जिला पुलिस लाइन चाईबासा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वाहिनी के कमांडेंट मनोज डंग ने बटालियन मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर देश की रक्षा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर की। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली और गार्ड का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर कमांडेंट मनोज डंग ने वाहिनी के सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वाहिनी के इतिहास और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि 174वीं वाहिनी की स्थापना 9 अगस्त 2004 को ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ बैंगलोर, कर्नाटक में हुई थी।

एक वर्ष के बुनियादी प्रशिक्षण के बाद वाहिनी को जवाहर टनल के पास कुलगाम, जम्मू-कश्मीर में तैनात किया गया। वहां तीन वर्षों तक टनल ड्यूटी के बाद 16 अप्रैल 2008 को श्रीनगर के संत नगर क्षेत्र में तैनाती की गई, जहां जवानों ने एयरपोर्ट सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इसके बाद 6 मार्च 2012 को वाहिनी मुख्यालय जिला पुलिस लाइन चाईबासा में पदस्थापित किया गया।

मनोज डंग ने बताया कि वाहिनी की विभिन्न कंपनियों को कोल्हान के अत्यंत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान के लिए तैनात किया गया। वर्ष 2012 से वाहिनी के जवानों ने सारंडा और कोल्हान के नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चलाते हुए कई नक्सलियों को गिरफ्तार करने और आत्मसमर्पण कराने में भूमिका निभाई है। अभियान के दौरान कई आईईडी, हथियार और गोला-बारूद बरामद कर नष्ट किए गए हैं।

स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष सैनिक सम्मेलन, खेलकूद प्रतियोगिताओं और बड़े खाने का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में कमांडेंट मनोज डंग के अलावा द्वितीय कमान अधिकारी रजनीश कुमार, उप कमांडेंट धर्मेन्द्र नारायण सिंह, उप कमांडेंट शांति किस्कू, सहायक कमांडेंट गजेन्द्र सिंह सोंनिग्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी चौहान, चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार सी समेत वाहिनी के अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

Related Post