Breaking
Sat. Oct 31st, 2026

श्राद्ध कर्म के लिए गांव गया था परिवार, बंद घर से नकदी समेत लाखों के जेवर चोरी

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी नया बस्ती में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मकान मालिक का परिवार पिता के निधन के बाद श्राद्ध कर्म में शामिल होने बिहार के सिवान स्थित पैतृक गांव गया हुआ था। रविवार को परिवार के जमशेदपुर लौटने पर घर में चोरी की घटना का पता चला। सूचना मिलने के बाद परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।

बताया गया कि गोलपहाड़ी नया बस्ती निवासी रिंकी कुमारी सिंह के पिता का 22 जुलाई को निधन हुआ था। इसके बाद परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार और श्राद्ध कर्म में शामिल होने सिवान चले गए थे। घर में किसी के मौजूद नहीं रहने के कारण मकान में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया।

रविवार को परिवार के सदस्य छपरा-टाटानगर ट्रेन से जमशेदपुर पहुंचे। टाटानगर स्टेशन से घर पहुंचने पर बाहर का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर जाने पर कमरों के ताले टूटे मिले। सामान की जांच करने पर आलमारी भी क्षतिग्रस्त मिली। आलमारी में रखे करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग दो लाख रुपये नकद गायब मिले।

घटना की जानकारी परिजनों ने तत्काल परसुडीह पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

पीड़िता ने आशंका जताई है कि चोरी में किसी ऐसे व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, जिसे परिवार के गांव जाने और घर बंद रहने की जानकारी थी। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने का प्रयास जारी है।

Related Post