Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

डायन-बिसाही के संदेह में बुजुर्ग की हत्या, पलामू पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार

पलामू: जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के मुरमा कला गांव के लकड़ही टोला में डायन-बिसाही के संदेह में हुई हिंसक मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पलामू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल खून से सनी टांगी और बांस की लाठी भी बरामद कर जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना 5 अगस्त को मिली थी कि गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में चनका रजवार की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अनुसंधान में सामने आया कि प्रभु रजवार की आठ वर्षीय बेटी की 2 अगस्त को मृत्यु हो गई थी। बेटी की मौत के बाद वह एक भगत के पास गया, जहां उसे बताया गया कि उसकी पड़ोसी ललिता देवी और दुर्गा देवी ने डायन-भूत कर उसकी बेटी की जान ली है। इसी संदेह को लेकर प्रभु रजवार ने दोनों महिलाओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

विवाद के दौरान प्रभु रजवार और उसके परिवार के लोगों ने टांगी, फरसा और लाठी से हमला कर चनका रजवार को गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर चोटों के कारण चनका रजवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए। पुलिस के अनुसार दूसरे पक्ष की ओर से भी मामूली मारपीट की गई थी।

मामले में नंदु रजवार के बयान पर उंटारी रोड थाना कांड संख्या 43/2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज की गई है।

घटना के बाद पुलिस ने प्रभु रजवार, उसकी पत्नी झुबली देवी, गुड्डन रजवार, विमलेश रजवार और सीताराम रजवार को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

Related Post