Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

प्रभात मेहता अपहरण-हत्या कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा से पकड़कर पलामू लाई पुलिस

पलामू: चर्चित प्रभात कुमार मेहता अपहरण एवं हत्या कांड में पलामू पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए हत्या की वजह पुरानी रंजिश और आपसी दुश्मनी बताई है।

जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को पाटन थाना क्षेत्र के सहदेवा गांव निवासी ठाकुर दयाल मेहता ने अपने पुत्र प्रभात कुमार मेहता के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि गांव कुड़वा निवासी राहुल राम अपने साथियों के साथ उनके पुत्र को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। शिकायत के आधार पर पाटन थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान 26 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि प्रभात कुमार मेहता का शव पाण्डेयपुरा करोरिया स्थित एक अर्द्धनिर्मित मकान से बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए अनुसंधान तेज कर दिया। इससे पहले मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ राहुल राम उर्फ राहुल चन्द्रवंशी को 29 जुलाई को बेंगलुरु के राजनकुंटे क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था और 1 अगस्त को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में जांच के दौरान धर्मेन्द्र कुमार (23) की भूमिका सामने आई। सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसे 4 अगस्त को हरियाणा के यमुनानगर जिले के सदर जगाधरी अंतर्गत भरथल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाकर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की साजिश और घटना में अपनी भागीदारी स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रेडमी नोट 10 प्रो मोबाइल फोन और उसमें लगा सिम कार्ड भी बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि धर्मेन्द्र कुमार के खिलाफ वर्ष 2024 में पाटन थाना में आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला पहले से दर्ज है।

पलामू पुलिस ने बताया कि इस बहुचर्चित हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।

Related Post