Breaking
Wed. Aug 5th, 2026

जेई ने दी सफाई, नंदपुर पंचायत भवन का कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप: 15 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित नंदपुर पंचायत भवन के सुंदरीकरण कार्य को लेकर उठे सवालों के बीच विभागीय कनीय अभियंता (जेई) अमर कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि कार्य पूरी तरह स्वीकृत प्राक्कलन और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भवन का रंग-रोगन और अन्य विकास कार्य अभी प्रगति पर हैं तथा कार्य पूर्ण होने के बाद ही अंतिम भुगतान किया जाएगा।

जेई अमर कुमार के अनुसार, पंचायत भवन के सुंदरीकरण के लिए कुल 4.999 लाख रुपये का प्राक्कलन स्वीकृत है। अब तक कार्य एजेंसी को 4 लाख रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि शेष राशि कार्य पूर्ण होने और गुणवत्ता जांच के बाद ही नियमानुसार जारी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पंचायत भवन में केवल पेंटिंग ही नहीं, बल्कि हैंडवॉश यूनिट, सेग्रिगेशन बिन, शौचालय की मरम्मत, फ्लोर मैट, हेल्प डेस्क, भवन सुंदरीकरण तथा वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) संरचना में सुधार सहित कई आधारभूत कार्य एक साथ किए जा रहे हैं।

भवन की दीवारों और बॉर्डर पर दिखाई देने वाले पीले एवं सफेद धब्बों के संबंध में जेई ने स्पष्ट किया कि यह पेंट की खराब गुणवत्ता नहीं, बल्कि छत पर बारिश का पानी अस्थायी रूप से जमा होने और आसपास के पेड़ों से गिरे पत्तों के कारण उत्पन्न हुई स्थिति है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए छत की जल निकासी व्यवस्था और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में भी सुधार कराया जा रहा है।

जेई ने बताया कि उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देशानुसार पंचायत भवन का कार्य 15 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि भवन का उद्घाटन तय समय पर किया जा सके। उन्होंने कहा कि विभागीय अभियंताओं की निगरानी में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य कराया जा रहा है और कार्य पूरा होने के बाद इसकी गुणवत्ता का परीक्षण भी किया जाएगा।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि निर्माणाधीन कार्य को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति से बचें और अंतिम निष्कर्ष कार्य पूर्ण होने के बाद ही निकालें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएंगे।

Related Post