Breaking
Tue. Aug 4th, 2026

आफताब हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, रेकी में इस्तेमाल स्कूटी बरामद

जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप हुए चर्चित आफताब हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मो. समद और कुलसुम बीबी शामिल हैं। दोनों को कैरेज कॉलोनी स्थित उनके आवास से दबोचा गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना से पहले रेकी करने में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की नीले-काले रंग की स्कूटी भी बरामद कर ली है। वहीं मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। कुलसुम बीबी मुख्य आरोपी शाहरुख की पत्नी बताई जा रही है।

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बताया कि रविवार रात रेलवे कंटेनर यार्ड के पास मोहम्मद आफताब आलम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया, जहां मंगलवार तड़के उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बर्मामाइंस थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) और पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कैरेज कॉलोनी में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. समद का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बर्मामाइंस थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2000 में पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती के एक मामले में भी उसका नाम सामने आया था।

आफताब की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश भी फूट पड़ा था। उन्होंने बर्मामाइंस थाना के बाहर प्रदर्शन कर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई, एनकाउंटर तथा आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने घटना के बाद घटनास्थल से 13 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया था। मृतक की पत्नी की शिकायत पर 11 नामजद समेत कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Post