Breaking
Sun. Nov 1st, 2026

चतरा में भाकपा माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम, हथियार और पेट्रोल के साथ जोनल कमांडर के दो गुर्गे गिरफ्तार

चतरा : झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने भाकपा माओवादी संगठन की एक हिंसक साजिश को समय रहते विफल कर दिया है। पुलिस ने माओवादियों के जोनल कमांडर मनोहर गंझू के इशारे पर दहशत फैलाने जा रहे दो सक्रिय गुर्गों को हथियार और ज्वलनशील सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है।

एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में प्रतापपुर-कुंदा मुख्य मार्ग पर बलवादोहर गांव के पास पुलिस ने एंटी-क्राइम वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग देखकर बाइक से भाग रहे सुरेंद्र गंझू (22 वर्ष) और संजय गंझू (20 वर्ष) को पुलिस ने खदेड़ कर दबोच लिया।

तलाशी के दौरान इनके पास से एक देसी पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस, एक लीटर पेट्रोल, माचिस, दो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (JH01D5-4698) बरामद की गई है।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे भुईयोंडीह घाटी में फायरिंग करने और मालवाहक वाहनों में आगजनी कर खौफ का माहौल बनाने की फिराक में थे।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सुरेंद्र गंझू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। प्रतापपुर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, वहीं नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में सघन छापेमारी जारी है।

Related Post