Breaking
Wed. Jul 29th, 2026

गुरु पूर्णिमा पर शंभू मंदिर में हुआ पादुका पूजन, आरती और प्रसाद वितरण

चाईबासा: आध्यात्मिक उत्थान मंडल जिला समिति, चाईबासा के तत्वावधान में बुधवार को स्थानीय शंभू मंदिर प्रांगण, टुंगरी में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान पादुका पूजन, संध्या आरती तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल हुए और गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेश खत्री ने कहा कि शंभू मंदिर में वर्ष 1966 से लगातार गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य गुरु पूजा का आयोजन किया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि यह परंपरा वर्षों से श्रद्धा और विश्वास के साथ निभाई जा रही है। इस वर्ष भी वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंडित महाराज ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति सम्मान, ज्ञान और आध्यात्मिक मार्गदर्शन का पर्व है।

इस अवसर पर उद्योगपति एवं समाजसेवी मुकुंद रुंगटा ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है और गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है। उन्होंने लोगों से समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आध्यात्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सुरेश पोद्दार, पवन शर्मा, मोहित शर्मा, महेश खत्री, जयदेव गुप्ता, सीताराम, मिथिलेश विश्वकर्मा, अनिल मुरारका, अशोक जोशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

Related Post