Breaking
Wed. Jul 29th, 2026

राजाबासा के बुरुसुबा टुंगरी में जानताल पूजा में शामिल हुए पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई

कुमारडुंगी: मझगांव विधानसभा क्षेत्र के कुमारडुंगी प्रखंड अंतर्गत खंडखोरी टोला, राजाबासा स्थित बुरुसुबा टुंगरी में बुधवार को पारंपरिक जानताल पूजा का आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ किया गया। इस अवसर पर भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई पूजा में शामिल हुए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। यह पारंपरिक पूजा गुफा के अंदर संपन्न होती है, जिसका स्थानीय लोगों के बीच विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है।

पूजा-अर्चना के बाद पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं से है। उन्होंने कहा कि ऐसी पारंपरिक पूजाएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने का काम करती हैं। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है, ताकि आने वाले समय में भी हमारी सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रह सके।

उन्होंने कहा कि समाज की एकता, आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में इस प्रकार के धार्मिक और पारंपरिक आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।

जानताल पूजा में पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय सिंह पिंगुवा, मंडल महामंत्री विनय दास, दामुराम पाठ पिंगुवा, सनातन सुंडी, केदार कालिंदी, लक्ष्मण सिंकु, लक्ष्मण पिंगुवा, सरदार हेंब्रम, जितेंद्र कुम्हार, मनोज दास, दीपक पोद्दार, बीटु पोद्दार, विक्रम गागराई, उगेशन खंडाईत, दीसींग गागराई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

पूजा के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए श्रद्धालुओं ने गुफा के भीतर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की शांति, समृद्धि, अच्छी वर्षा तथा सभी लोगों के सुखद जीवन की कामना की। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Related Post