जमशेदपुर। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टीएसजेडपी) में 29 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर माहभर चले वन महोत्सव अभियान का औपचारिक समापन भी किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे जूलॉजिकल पार्क परिसर स्थित पीफाउल (मोर) एनक्लोजर के समीप आयोजित होगा।
इस कार्यक्रम में जमशेदपुर के प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य बाघों के संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वनों की महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति समाज को जागरूक करना है।
कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों, विद्यार्थियों, इंटर्न और प्रकृति प्रेमियों के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से बाघों के प्राकृतिक आवास की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा। साथ ही लोगों को प्रकृति संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
वन महोत्सव के समापन अवसर पर पूरे जुलाई माह के दौरान संचालित पौधरोपण अभियान, पर्यावरण जागरूकता अभियान तथा प्रकृति शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी साझा की जाएगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों में वनों के संरक्षण और जैव विविधता के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना रहा है।
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क के निदेशक डॉ. नईम अख्तर ने कहा कि पार्क केवल वन्यजीवों के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण शिक्षा और जनजागरूकता के माध्यम से प्रकृति संरक्षण की संस्कृति को भी मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विद्यार्थियों, प्रकृति प्रेमियों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

