Breaking
Tue. Jul 28th, 2026

परमवीर अल्बर्ट एक्का फुटबॉल क्लब बना शहीद देवेंद्र माझी फुटबॉल लीग का चैंपियन

गोइलकेरा: गोइलकेरा हाई स्कूल मैदान में आयोजित शहीद देवेंद्र माझी फुटबॉल लीग-2026 का खिताब परमवीर अल्बर्ट एक्का फुटबॉल क्लब ने अपने नाम कर लिया। मंगलवार को बारिश के बीच खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में परमवीर अल्बर्ट एक्का फुटबॉल क्लब ने सिद्धू कान्हू टाइगर्स को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं, जिसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ।

फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधायक जगत माझी शामिल हुए। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विजेता परमवीर अल्बर्ट एक्का फुटबॉल क्लब को 20 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता सिद्धू कान्हू टाइगर्स को 15 हजार रुपये तथा ट्रॉफी प्रदान की गई।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में जमादार अंगरिया को मैन ऑफ द सीरीज तथा सोनाराम बहांदा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। मनोहरपुर और गोइलकेरा क्षेत्र के कई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई है। यदि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, नियमित प्रतियोगिताएं और प्रोत्साहन मिलता रहा तो वे भविष्य में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि शहीद देवेंद्र माझी फुटबॉल लीग जैसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखता है तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी करने की अपील करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।

कार्यक्रम में झामुमो नेता अकबर खान, प्रिंस खान सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, ग्रामीण और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद थे। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शकों ने मैदान पहुंचकर पूरे मुकाबले का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

Related Post