Breaking
Thu. Sep 3rd, 2026

एसपी कार्यालय से चंद कदम दूर मॉर्निंग वॉक कर रही वृद्धा से चेन स्नैचिंग

बाइक सवार दो बदमाशों ने 14 ग्राम सोने की चेन छीनी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बोकारो: बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एसपी कार्यालय से कुछ ही दूरी पर एक वृद्ध महिला से सोने की चेन छीन ली। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, राम दुलारी देवी शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे। अपराधियों ने पहले उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और फिर उनके गले से करीब 14 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान में जुटी है।

यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि वारदात एसपी कार्यालय से कुछ ही दूरी पर हुई है। पुलिस मुख्यालय के नजदीक हुई इस चेन स्नैचिंग ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Related Post