Breaking
Sun. Nov 1st, 2026

शहर में बड़ी वारदात की फिराक में हथियार लेकर घूम रहा टीएसपीसी समर्थक गिरफ्तार.. 54 जिंदा कारतूस, 6 मिसफायर और 2 खोखा बरामद

चतरा : शहर में बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में जुटा टीएसपीसी नक्सली समर्थक को सदर थाना पुलिस ने अवैध हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, 54 जिंदा कारतूस, 6 मिसफायर गोली और 2 खोखा भी बरामद किया है। समाहरणालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश गंझू के रूप में हुई है। वह लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के भगिया बरवा टोली गांव का रहने वाला है। एसपी नें बताया कि सदर थाना क्षेत्र के सिमरिया रोड स्थित साईं नाथ लाइन होटल के पास हथियारबंद व्यक्ति के मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के बाद एसडीपीओ सदर सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की तो आरोपी पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान जवानों ने उसे खदेड़ कर दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक नें बताया कि मुकेश ने बताया कि करीब छह माह पूर्व टीएसपीसी के एक उग्रवादी ने बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से उसे हथियार और कारतूस उपलब्ध कराया था। इसी के बाद से वह शहर और आसपास के इलाकों की रेकी भी कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी के राहुल दुबे गैंग समेत अन्य आपराधिक गिरोहों से संपर्क होने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित साजिश की कड़ियों को खंगाल रही है।

Related Post