Breaking
Mon. Oct 12th, 2026

मुकदमों से नहीं डरता, जमानत के लिए पैरवी भी नहीं करूंगा : सरयू राय मुर्दा मैदान विवाद पर सरयू राय का निगम पर हमला, बोले- मानगो की समस्याओं पर जवाब दे प्रशासन

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मुर्दा मैदान में कचरा फेंकने के मामले में अपने खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने पर दो टूक कहा कि वह मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। सोमवार को फेसबुक लाइव के दौरान उन्होंने कहा कि जमानत के लिए न तो थाने जाएंगे और न ही किसी तरह की पैरवी या सिफारिश करेंगे। जो भी कार्रवाई होगी, उसका सामना करेंगे।

सरयू राय ने कहा कि मुर्दा मैदान से कचरा हटाने के लिए मानगो नगर निगम को एक सप्ताह का समय दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब कचरा निगम कार्यालय के सामने डाला गया, तो अधिकारी और कर्मचारी महज दस मिनट में पहुंच गए और सफाई करा दी। उन्होंने सवाल उठाया कि निगम ने पहले ऐसी तत्परता क्यों नहीं दिखाई। उनके अनुसार, समय रहते कार्रवाई होती तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

विधायक ने मानगो में पेयजल संकट पर चिंता जताते हुए कहा कि कई मोहल्लों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जलापूर्ति बहाल होने की जानकारी देने के बावजूद पंप खराब रहने के कारण लोगों को राहत नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 में खरीदे गए तीन पंप डेढ़ साल के भीतर खराब हो गए। उन्होंने जलसंकट के स्थायी समाधान के लिए डोबो डैम से पानी लाने का सुझाव भी दिया।

सरयू राय ने मानगो की जर्जर सड़कों, गड्ढों और एनएच-33 पर फ्लाईओवर निर्माण के कारण लग रहे जाम तथा धूल से लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से हस्तक्षेप करने की अपील की।

नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि करीब आठ महीने में बोर्ड की केवल दो बैठकें हुई हैं। उन्होंने बजट, टेंडर और सरकारी राशि के खर्च में पारदर्शिता की मांग की। सरयू राय ने सट्टेबाजी और ड्रग्स के खिलाफ अभियान चलाने की जानकारी देते हुए कहा कि इन समस्याओं के विरुद्ध उनकी मुहिम जारी रहेगी। उन्होंने शहर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जरूरत बताई।

Related Post

You Missed