जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया है। कार्रवाई के दौरान एक देसी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार युवक की पहचान साकची थाना क्षेत्र के गुरुनानक नगर स्थित सोहन सिंह बगान निवासी यश दास के रूप में हुई है।
सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 11 अक्टूबर की शाम करीब 7:20 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिरसानगर थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह फुटबॉल मैदान के पास कुछ युवक अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद बिरसानगर थाना प्रभारी पांडू सामड सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। रात करीब 8:30 बजे पुलिस टीम ने फुटबॉल मैदान के पास बैठे एक युवक और तीन किशोरों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक किशोर के पास से 7.62 एमएम की देसी पिस्टल, जबकि दूसरे किशोर के पास से 9 एमएम की दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने उनके पास से दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में एक विधि-विरुद्ध किशोर ने बताया कि उसने अपनी सुरक्षा के लिए यश दास से 30 हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात की थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने यश दास को अवैध हथियार और गोली की खरीद-बिक्री के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीनों किशोरों को निरुद्ध कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि तीनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

