Breaking
Mon. Oct 12th, 2026

कम कमाई और सुविधाओं की कमी से नाराज ब्लिंकिट डिलीवरी वर्करों ने उठाई आवाज, बिरसानगर में जुटे 70 युवा

जमशेदपुर। शहर में ब्लिंकिट के डिलीवरी वर्करों ने कम आमदनी, घटते ऑर्डर और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर कंपनी के प्रति नाराजगी जताई है। सोमवार को बिरसानगर के गुड़िया मैदान में करीब 60 से 70 डिलीवरी कर्मचारी एकत्र हुए और अपनी समस्याओं को सामने रखते हुए भुगतान बढ़ाने तथा जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि घंटों काम करने और जोखिम उठाकर सामान पहुंचाने के बावजूद उनकी कमाई इतनी नहीं हो पा रही है कि परिवार का खर्च आसानी से चला सकें।

कर्मचारी जॉनी मशीह ने कहा कि डिलीवरी का काम करने वाले युवाओं को उनकी मेहनत के अनुरूप भुगतान नहीं मिल रहा है। कई कर्मचारी लंबे समय से इस काम में लगे हैं, लेकिन उनकी आमदनी में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि कर्मचारियों को पर्याप्त बीमा, सुरक्षा कार्ड और नौकरी से संबंधित लिखित दस्तावेज जैसी सुविधाएं भीऊ नहीं मिल रही हैं। इसके बावजूद उन्हें लंबे समय तक काम करना पड़ता है और सड़क पर दुर्घटना समेत कई तरह के जोखिम उठाने पड़ते हैं।

डिलीवरी वर्करों ने बताया कि ऑर्डर की संख्या में कमी और भुगतान दर घटने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। उनके अनुसार, कर्मचारियों की संख्या बढ़ने के कारण पुराने वर्करों को भी पर्याप्त ऑर्डर नहीं मिल पा रहे हैं। पहले जहां एक घंटे में 80 से 90 रुपये तक की कमाई हो जाती थी, वहीं अब कई बार यह घटकर 40 से 50 रुपये प्रति घंटे रह जाती है। ऑर्डर के इंतजार में काफी समय बिताने के बाद भी अपेक्षित कमाई नहीं हो पाती है।

कर्मचारियों ने कहा कि रोजगार से जुड़े होने के बावजूद आर्थिक स्थिति ऐसी हो गई है कि घर का खर्च और अपनी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से भुगतान दर में सुधार करने, काम के अनुरूप उचित मेहनताना देने तथा बीमा और सुरक्षा संबंधी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाता है, तो वे पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ काम जारी रखने को तैयार हैं।

Related Post