Breaking
Thu. Nov 5th, 2026

कोडरमा घाटी में यात्री बस और हाइवा की टक्कर, कई यात्री घायल

कोडरमा: कोडरमा थाना क्षेत्र के ताराघाटी में बुधवार को यात्रियों से भरी एक बस और फ्लाई ऐश लोड हाइवा के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में हाइवा सड़क किनारे पलट गया, जबकि बस क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में बस सवार कई यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों के अनुसार, दुर्घटना स्थल से कुछ पहले एक ट्रक ब्रेकडाउन होकर सड़क पर खड़ा था, जिसकी मरम्मत का कार्य सड़क पर ही चल रहा था। इसी दौरान बिहार से कोडरमा की ओर आ रही पप्पू यात्री बस और कोडरमा से बिहार की ओर जा रहा फ्लाई ऐश लोड हाइवा आमने-सामने टकरा गए।

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का हालचाल लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

Related Post