Breaking
Sat. Jul 11th, 2026

आदित्यपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, 15 मोबाइल व दो लैपटॉप समेत भारी मात्रा में सामान जब्त

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग (सट्टेबाजी) और जुए के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 स्मार्टफोन, दो लैपटॉप, 13 सक्रिय सिम कार्ड, डेबिट कार्ड, एयर फाइबर उपकरण, यूपीआई क्यूआर कोड और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी इंटरनेट और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध सट्टेबाजी का कारोबार संचालित कर रहे थे।

शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज तथा आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर गांव में किराये के मकान से ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापा मारा और मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी 22 वर्षीय सुमित कुमार, खगड़िया निवासी 21 वर्षीय गुलशन कुमार तथा वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम में रह रहे मनोज कुमार (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनका स्थायी पता बिहार के भोजपुर जिले में है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के 15 स्मार्टफोन, 13 सक्रिय सिम कार्ड, एसबीआई, कोटक महिंद्रा और दक्षिण ग्रामीण बैंक के तीन डेबिट कार्ड, चार एयरटेल एयर फाइबर यूनिट एवं वाई-फाई उपकरण, दो लैपटॉप, कीबोर्ड, चार्जर, एडॉप्टर, हिसाब-किताब से संबंधित डायरियां तथा छह यूपीआई क्यूआर कोड की प्रतियां जब्त की हैं। बरामद सामान से संकेत मिलता है कि गिरोह तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल कर कई लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी से जोड़कर अवैध लेन-देन कर रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही जब्त मोबाइल, लैपटॉप और बैंक खातों की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों, वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Tags:
आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां, ऑनलाइन सट्टेबाजी, ऑनलाइन बेटिंग, जुआ रैकेट, पुलिस कार्रवाई, तीन गिरफ्तार, एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, अंजनी कुमार, शिवनारायणपुर, Crime News, Jharkhand News

Related Post