Breaking
Sat. Jul 11th, 2026

भाजपा महानगर की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, बूथ सशक्तिकरण और मतदाता पुनरीक्षण अभियान को दी प्राथमिकता

जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की मासिक संगठनात्मक बैठक शनिवार को भालूबासा स्थित आशीष किशोर सभागार में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने, बूथ समितियों की सक्रियता बढ़ाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने पिछले एक माह के दौरान आयोजित संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी मंडलों में नियमित बूथ बैठकें आयोजित करने, स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए सक्रिय प्रयास करने तथा आगामी कार्यक्रमों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सभी बूथों पर शत-प्रतिशत आयोजन सुनिश्चित करने वाले पांच मंडल अध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठन की मजबूती प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका पर निर्भर करती है। उन्होंने बूथ समितियों को मजबूत करने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा आम जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए पात्र मतदाताओं के प्रपत्र भरवाने और मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संगठन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

बैठक में पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मीरा मुंडा, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी तथा चंद्रशेखर मिश्रा ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी संगठन को मजबूत बनाने संबंधी कई सुझाव दिए।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जितेंद्र राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ने किया। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, प्रभारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post