Breaking
Sat. Aug 1st, 2026

डिमना में पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत

जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के डिमना स्थित जयपाल कॉलोनी के समीप शनिवार शाम पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय चेतन यादव के रूप में हुई है। वह गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड का निवासी बताया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, श्री मनोकामना शिव दुर्गा मंदिर के पास पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचडी) की पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान चेतन यादव पाइपलाइन लगाने के काम में जुटे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर पानी निकालने के लिए मोटर संचालित की जा रही थी। इसी दौरान वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और जमीन पर गिर पड़े।

मौके पर मौजूद अन्य मजदूर उन्हें बचाने दौड़े। साथी मजदूर अर्जुन यादव ने बताया कि चेतन को गिरता देख उसने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसे भी करंट का झटका लगा। इसके बाद तुरंत बिजली की आपूर्ति बंद कराई गई।

घटना के बाद मजदूरों ने वाहन की व्यवस्था करने का प्रयास किया। अंततः साथी मजदूर पवन कुमार स्कूटी से गंभीर रूप से घायल चेतन यादव को एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Post