सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल स्थित कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। तमोलिया केला गोदाम के समीप हिस्ट्रीशीटर अपराधी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन ने काना बाबू नामक युवक पर गोली चला दी। राहत की बात यह रही कि गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।

