जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। मामले में बार संचालक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह को उसके दो सहयोगियों सुदर्शन मंडल उर्फ लाल्टू और राजेश मंडल के साथ न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी और दो लाख रुपये का इनामी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को जमशेदपुर सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि अब तक इस मामले में कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले स्थित खाटूश्याम से ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाया गया था। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, सह-आरोपी सुदर्शन मंडल उर्फ लाल्टू और राजेश मंडल को ओडिशा के रायरंगपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने बताया कि इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल डेटा, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर लगातार कार्रवाई की। इसी क्रम में मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसने बुधवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि नीरज सिंह के खिलाफ कदमा थाना में वर्ष 2022 का एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी ललित मीणा, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल तथा एएसपी ऋषभ त्रिवेदी भी मौजूद रहे।

