चाईबासा: शहर में जलजमाव और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर परिषद ने पहल शुरू कर दी है। सोमवार को नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कार्यपालक पदाधिकारी संतोष्णी मुर्मू, रांची से आई तकनीकी एजेंसी के प्रतिनिधियों, संबंधित अभियंताओं और अन्य अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
नगर परिषद ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम का वैज्ञानिक सर्वे और आधुनिक डिजाइन तैयार कराने की जिम्मेदारी रांची की एक विशेषज्ञ एजेंसी को सौंपी है। निरीक्षण के दौरान एजेंसी को राजस्थान भवन से अमल टोला स्थित रानी सती मंदिर तक पूरे ड्रेनेज नेटवर्क का विस्तृत सर्वे कर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप डिजाइन तैयार करने का निर्देश दिया गया। अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि डिजाइन तैयार करते समय बढ़ती आबादी, बारिश के दौरान जल निकासी की क्षमता और शहर के विकास को ध्यान में रखा जाए, ताकि आने वाले वर्षों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
निरीक्षण के दौरान राजस्थान भवन के समीप सड़क पर बने धंसान और आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को इन स्थानों का तकनीकी अध्ययन कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा डीआईजी आवास के आसपास जल निकासी की समस्या का भी निरीक्षण किया गया। एजेंसी को प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर ऐसा ड्रेनेज डिजाइन तैयार करने को कहा गया, जिससे बरसात के दौरान पानी का जमाव नहीं हो।
नगर परिषद अध्यक्ष ने इसके बाद जुबिली तालाब और पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, हरियाली और रखरखाव की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जुबिली तालाब और पार्क शहर की प्रमुख पहचान हैं और यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर परिषद की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के क्रम में बाबा मंदिर के समीप स्थित आश्रय गृह, ओपन जिम और सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। अध्यक्ष ने इन परिसरों की साफ-सफाई, रखरखाव और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक मरम्मत, नियमित सफाई और बेहतर संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नितिन प्रकाश ने कहा कि शहर के समग्र विकास, स्वच्छता और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के लिए नगर परिषद लगातार कार्य कर रही है। वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम तैयार होने से भविष्य में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, वार्ड पार्षद सन्नी पासवान, सिटी मैनेजर संतोष बेदिया, जेई, कनीय अभियंता, इंजीनियर तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

