Breaking
Sat. Jul 4th, 2026

5 जुलाई को रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा का पदस्थापन समारोह, नई कार्यकारिणी करेगी कार्यभार ग्रहण

चाईबासा: रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा की नई कार्यकारिणी (2026-27) का पदस्थापन समारोह रविवार, 5 जुलाई को सनशाइन होटल, चाईबासा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा। समारोह में नई कार्यकारिणी को पद एवं दायित्व सौंपे जाएंगे। इसके साथ ही सेवा, नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों के प्रति क्लब की नई कार्ययोजना भी प्रस्तुत की जाएगी।

समारोह में झारखंड सरकार के परिवहन, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दीपक बिरुआ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए विकाश गुप्ता रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष और सौरव ज्ञान गुप्ता सचिव के रूप में कार्यभार संभालेंगे। कार्यक्रम में नई टीम का औपचारिक परिचय कराया जाएगा तथा आगामी सत्र के दौरान क्लब द्वारा संचालित किए जाने वाले सामाजिक, शैक्षणिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की जाएगी।

पदस्थापन समारोह के इंस्टॉलिंग ऑफिसर के रूप में रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के पूर्व सहायक गवर्नर अनिल शर्मा नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष विकाश गुप्ता ने बताया कि समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने शहर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, रोटेरियंस, रोटरैक्ट सदस्यों तथा आमंत्रित अतिथियों से कार्यक्रम में शामिल होकर नई टीम का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

क्लब के अनुसार यह समारोह केवल नई कार्यकारिणी के पदभार ग्रहण का अवसर नहीं होगा, बल्कि समाज सेवा, नेतृत्व विकास और युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में नए संकल्प के साथ रोटरी वर्ष 2026-27 की शुरुआत भी होगी।

Related Post