Breaking
Sat. Jul 4th, 2026

झारखंड अंडर-19 क्रिकेट कैंप के लिए पश्चिमी सिंहभूम के चार खिलाड़ियों का चयन

चाईबासा: झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) की जूनियर चयन समिति ने 5 जुलाई से रांची स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाले अंडर-19 क्रिकेट कैंप के लिए 22 खिलाड़ियों का चयन किया है। चयनित खिलाड़ियों में पश्चिमी सिंहभूम के चार खिलाड़ियों को भी जगह मिली है।

अंतर जिला अंडर-19, अंतर जोनल अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता और चयन ट्रायल मैचों में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर मध्यमक्रम के बल्लेबाज साकेत कुमार सिंह और सुमित शर्मा, सलामी बल्लेबाज आमर्त्य चौधरी तथा बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज सत्यम सिंह का चयन किया गया है।

साकेत कुमार सिंह और सत्यम सिंह इससे पहले भी पिछले सत्र में झारखंड अंडर-19 क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव सौरभ तिवारी के हस्ताक्षर से जारी सूची के अनुसार सभी चयनित खिलाड़ियों को 4 जुलाई की अपराह्न 3 बजे के बाद जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रांची में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

5 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने से पहले सभी खिलाड़ियों के लिए फिटनेस परीक्षण (यो-यो टेस्ट) पास करना अनिवार्य होगा। जो खिलाड़ी इस टेस्ट में सफल नहीं होंगे, उन्हें कैंप में शामिल नहीं किया जाएगा।

पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि आगामी सत्र 2026-27 के लिए झारखंड अंडर-19 टीम के 22 संभावित खिलाड़ियों में जिले के चार खिलाड़ियों का चयन होना जिला क्रिकेट के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी अंतिम 16 सदस्यीय टीम में अपनी जगह बनाने में सफल होंगे और राज्य के साथ-साथ पश्चिमी सिंहभूम का नाम भी रोशन करेंगे।

Related Post