Breaking
Fri. Jul 3rd, 2026

बढ़ते अपराध के खिलाफ बंद को मिला जनसमर्थन, आजसू ने व्यापारियों और नागरिकों का जताया आभार

जमशेदपुर: बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को आयोजित बंद के सफल होने पर आजसू पार्टी ने शहर के व्यापारियों, दुकानदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है। पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि लोगों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान और वाहन बंद रखकर अपराध के खिलाफ एकजुटता का परिचय दिया है।

कन्हैया सिंह ने कहा कि जमशेदपुर में हत्या, लूट, छिनतई, चाकूबाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। उनका आरोप है कि राज्य सरकार अपराध पर नियंत्रण स्थापित करने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे आम लोगों और व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में शहरवासियों ने जिस तरह बंद का समर्थन किया, वह जनता के बढ़ते आक्रोश और बेहतर कानून-व्यवस्था की मांग को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि शहर के अधिकांश बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रहे। यह बंद किसी दबाव का परिणाम नहीं था, बल्कि अपराध के खिलाफ जनता की आवाज और सुरक्षित माहौल की मांग का प्रतीक था।

आजसू जिला अध्यक्ष ने सभी व्यापारिक संगठनों, दुकानदारों, प्रतिष्ठानों और नागरिकों का सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी जनता की सुरक्षा, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और अपराधमुक्त झारखंड के लिए अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट और जनविरोधी सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से हटाने के लिए आजसू पार्टी जनजागरण अभियान को और तेज करेगी।

Related Post