Breaking
Fri. Nov 6th, 2026

निर्माणाधीन भवन की पहली मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, परिवार में मातम

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र के नमदा बस्ती में बुधवार को निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। पहली मंजिल पर काम करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरे राजू सरदार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, राजू सरदार नमदा बस्ती स्थित एक निर्माणाधीन भवन में मजदूरी कर रहे थे। बुधवार को वह भवन की पहली मंजिल पर काम में जुटे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे आ गिरे। ऊंचाई से गिरने के कारण उनकी गर्दन में गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें टिनप्लेट अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

राजू सरदार मूल रूप से रांची के तुपुदाना के रहने वाले थे। उनके परिवार में एक बेटा है। अचानक हुए इस हादसे में परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

Related Post