जमशेदपुर: जमशेदपुर से भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। बाबा शंकर एजेंसी ने नई लग्जरी स्लीपर बस “शांतिलता बस” को शामिल किया है। इस नई सेवा का शुभारंभ मानगो बस स्टैंड में सोमवार को घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर किया।
कार्यक्रम के दौरान बाबा शंकर एजेंसी के संचालक ईशू दुबे ने बताया कि जमशेदपुर से भुवनेश्वर के बीच बड़ी संख्या में विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग और अन्य यात्री नियमित रूप से सफर करते हैं। यात्रियों की सुविधा और मांग को देखते हुए स्लीपर बस सेवा शुरू की गई है ताकि लंबी दूरी की यात्रा अधिक आरामदायक बन सके।
उन्होंने बताया कि नई बस में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्था की गई है। एजेंसी की योजना है कि आने वाले समय में भुवनेश्वर रूट पर चलने वाली सीटिंग बसों की जगह धीरे-धीरे स्लीपर कोच लगाए जाएं।
ईशू दुबे के अनुसार, अगले दो से तीन वर्षों में इस रूट पर संचालित सभी बसों को स्लीपर श्रेणी में बदलने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।
विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर भुवनेश्वर जाने वाले विद्यार्थियों और नियमित यात्रियों के लिए यह सेवा काफी उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि शाम 7:30 बजे का समय यात्रियों के लिए सुविधाजनक रहेगा और उन्हें अधिक आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।
इस अवसर पर विशाल दुबे, दीपक दुबे, छन्नू दुबे और बिनोद कर सहित कई लोग मौजूद रहे।
नई स्लीपर बस सेवा शुरू होने से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भुवनेश्वर तक सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा का नया विकल्प उपलब्ध होगा।

