चाईबासा: आगामी 26 जून को आयोजित होने वाले मुहर्रम पर्व को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों ने भाग लिया, जबकि सभी अंचल अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। बैठक में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों और अधिकारियों को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिले में विधि-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए सघन वाहन जांच अभियान चलाने, संवेदनशील क्षेत्रों एवं धार्मिक स्थलों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। प्रतिबंधित मांस के संभावित आगमन और परिवहन पर निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखने को कहा गया। अफवाह, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का ड्रोन कैमरा के माध्यम से निरीक्षण करने, मार्ग से जुड़े भवनों और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने तथा आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा गया। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कहा गया कि मुहर्रम पर्व के दौरान पूर्व से चली आ रही परंपराओं और निर्धारित मार्गों का ही पालन किया जाएगा। किसी भी नई परंपरा या नए जुलूस मार्ग की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी जुलूसों का रूट वेरिफिकेशन समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा दल और एंबुलेंस की व्यवस्था तैयार रखने तथा अग्निशमन विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया। जुलूस आयोजकों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित तिथि से कम से कम दो दिन पहले लाइसेंस प्राप्त कर लें।
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने और इसका प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तत्परता से जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया।

