Breaking
Sun. Jul 12th, 2026

एकलव्य विद्यालयों की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर, 43 अतिथि शिक्षकों के सेवा विस्तार को मंजूरी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एकलव्य विद्यालय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जयदीप तिग्गा, चिकित्सा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

बैठक में जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में समिति ने विद्यालयों में कार्यरत 43 अतिथि शिक्षकों के सेवा विस्तार प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार जारी रखने और शिक्षकों की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी। इस दौरान शिक्षकों की भूमिका, शैक्षणिक परिणाम और विषयवार अध्यापन व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।

बैठक में एकलव्य विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी विचार-विमर्श किया गया। छात्रावास व्यवस्था, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, खेलकूद सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, कक्षाओं की स्थिति और अन्य आवश्यक संरचनाओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों की जरूरतों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ-साथ सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के समग्र विकास, विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए।

Related Post