चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर के टुंगरी मोहल्ले में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। सड़क किनारे खड़ी एक बंद कार में फंस जाने से 5 वर्षीय बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य बच्चा किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी आलोक गोप और 5 वर्षीय ईशानी गोप स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए दोनों बच्चे टुंगरी स्थित ग्रीन फ्लैट के समीप खड़ी एक कार में जाकर बैठ गए। इसी दौरान कार का दरवाजा बंद हो गया और दोनों बच्चे अंदर ही कैद हो गए।
काफी देर तक बंद कार में रहने के कारण बच्चों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। बताया जाता है कि आलोक गोप ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह कार का दरवाजा खोलकर बाहर निकलने में सफलता हासिल कर ली, लेकिन ईशानी कार के अंदर ही बेहोश हो गई।
बाहर निकलने के बाद आलोक ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और बच्ची को कार से बाहर निकालकर तुरंत सदर अस्पताल ले गए। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की सूचना प्राप्त हुई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

