Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

बिरसानगर पीएम आवास के लाभार्थियों को शुक्रवार को मिलेगी चाबी, सरयू राय ने गिनाईं परियोजना की खामियां

**जमशेदपुर। बिरसानगर पीएम आवास योजना के तहत शुक्रवार को लाभार्थियों को उनके फ्लैटों की चाबी सौंपी जाएगी। इस अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लंबे संघर्ष और इंतजार के बाद उन्हें अपने आवास में प्रवेश का अवसर मिल रहा है।

सरयू राय ने जारी बयान में कहा कि बिरसानगर पीएम आवास योजना शुरू से ही विवादों में रही है। उनके अनुसार वर्ष 2018 में जल्दबाजी में इसका शिलान्यास कर दिया गया, जबकि परियोजना स्थल की भौगोलिक परिस्थितियों और निर्माण संबंधी चुनौतियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि योजना के लिए आसपास के करीब 160 मकानों को आंशिक या पूर्ण रूप से तोड़ा गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में विधायक बनने के बाद उन्होंने प्रभावित परिवारों के मकानों के पुनर्निर्माण की पहल की। सरयू राय के अनुसार परियोजना के तहत 22 ब्लॉक बनने हैं, लेकिन अब तक केवल दो ब्लॉक ही तैयार हो सके हैं। उनका कहना है कि लाभार्थियों को ये फ्लैट लगभग तीन वर्ष पहले मिल जाने चाहिए थे।

विधायक ने परियोजना में कई कमियां होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ड्रेनेज सिस्टम, जल-मल निकासी व्यवस्था और लिफ्ट जैसी सुविधाएं अभी पूरी तरह कार्यरत नहीं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार शेष कार्य जल्द पूरा कराएगी ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Related Post