जगन्नाथपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के मलूका तांती बाड़ा में बुधवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से डेढ़ वर्षीय बच्चे आयुष हाईबुरू की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
घटना के संबंध में मृतक बच्चे के पिता राजेश हाईबुरू ने बताया कि शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच मौसम खराब हो गया था। उस समय आयुष अपने दो अन्य बच्चों के साथ घर के आंगन में खेल रहा था। आयुष की मां पास में ही खाना बना रही थी। इसी दौरान बादल गरजने लगे और बिजली चमकने लगी। अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आयुष आ गया।
उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से आयुष का शरीर बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान उसकी मां को भी पैर में हल्की चोट लगी है। वहीं आंगन में खेल रहे अन्य दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए।
घटना के समय आयुष के पिता राजेश हाईबुरू किसी काम से बड़ा मलूका गए हुए थे। घर लौटने के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीण मुंडा के माध्यम से जगन्नाथपुर थाना को मामले की सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद जगन्नाथपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा। बुधवार को सदर अस्पताल चाईबासा के पोस्टमार्टम हाउस में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
इस घटना के बाद मृतक बच्चे के परिवार में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि अचानक हुई इस घटना से पूरा गांव दुखी है।

