जमशेदपुर: सिखों के पांचवें गुरु, शहीदों के सरताज गुरु अर्जुन देव जी महाराज तथा अन्य अमर शहीदों की पावन शहादत को समर्पित एक भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन 21 जून को गुरुद्वारा साहिब साकची में किया जाएगा। धार्मिक समागम में देश के प्रसिद्ध रागी कलाकार अपनी मधुर गुरुवाणी रसधारा से संगत को आध्यात्मिक आनंद प्रदान करेंगे।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रधान निशान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि समागम का आयोजन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:30 बजे से 7 बजे तक श्री रहरास साहिब के पाठ से होगी। इसके बाद विभिन्न प्रख्यात रागी जत्थों द्वारा गुरुबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा।
समागम का मुख्य आकर्षण पटियाला से पहुंच रहीं सुविख्यात रागी बीबी जसप्रीत कौर होंगी, जो अपने मधुर एवं भावपूर्ण कीर्तन से संगत को निहाल करेंगी। उनके साथ दिल्ली से आने वाले भाई गुरविंदर सिंह ‘गाफिल’ भी गुरुवाणी का गायन करेंगे। इसके अलावा गुरुद्वारा साहिब साकची के हजूरी रागी भाई नारायण सिंह भी कीर्तन सेवा निभाएंगे।
निशान सिंह ने बताया कि समागम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने संगत से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने और गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कमिटी द्वारा संगत के बैठने, लंगर तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के महासचिव परमजीत सिंह काले ने कहा कि यह समागम श्रद्धालुओं के लिए गुरुवाणी के अमृतमय शब्दों का रसपान करने और आध्यात्मिक शांति प्राप्त करने का एक विशेष अवसर होगा। उन्होंने संगत से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की। समागम के समापन के बाद गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम का आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया। पोस्टर विमोचन के दौरान निशान सिंह, ट्रस्टी रबिंदर सिंह, अजायब सिंह, त्रिलोचन सिंह तोची, जितेंद्र सिंह राजा, बलदेव सिंह बब्बू, हन्नी सिंह, तरसेम सिंह और सतबीर सिंह गोल्डू सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

