जमशेदपुर: मानगो स्थित एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा में मंगलवार देर रात एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर निवासी देवदास गौड़ के रूप में हुई है। गोली उसके गर्दन में लगी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की टीम गोली निकालने के प्रयास में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार देवदास गौड़ मंगलवार शाम अपने एक मित्र के साथ राजनगर से बालीगुमा आया था। वह रात करीब सात बजे से इलाके में मौजूद था। देर रात लगभग 11 बजे अज्ञात अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद उसे एक थार वाहन से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वाहन में मौजूद लोग उसे अस्पताल में छोड़कर वहां से चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल युवक से मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में भी जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक गोली चलाने वाले की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने वाले देवाशीष पोद्दार, नीरज प्रधान तथा आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई पंकज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों व्यक्तियों के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे हैं, जिसके कारण जांच और अधिक उलझ गई है। पुलिस बयानों में मौजूद विरोधाभासों को समझने और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना में शामिल या उससे जुड़े लोग नशे की हालत में थे। पुलिस को आशंका है कि नशे के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया और गोली चलने की नौबत आ गई। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है। वहीं अस्पताल में भर्ती देवदास गौड़ की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

