Breaking
Wed. Jun 17th, 2026

टाटा मोटर्स ड्यूटी जा रहे युवक को डंपर ने कुचला, भाजपा नेता के पुत्र की मौत के बाद बवाल, सड़क जाम

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सलगाझुड़ी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक सुमित मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों, ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम कर दिया तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान दुर्घटना में शामिल डंपर में तोड़फोड़ भी की गई।

मृतक सुमित मुंडा सलगाझुड़ी का रहने वाला था और भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सीमा मुंडा का पुत्र था। वह टाटा मोटर्स में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत था। बताया जाता है कि सुमित प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह करीब 5:45 बजे बाइक से ड्यूटी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान सलगाझुड़ी मुख्य मार्ग पर पीछे से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का पिछला पहिया युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। कुछ ही देर में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और पूरे इलाके में यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि सलगाझुड़ी और आसपास के आवासीय क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में डंपर और हाइवा वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। इन वाहनों के कारण क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बालू और अन्य सामग्री की ढुलाई करने वाले भारी वाहन नियमों की अनदेखी कर रिहायशी इलाकों में बेरोकटोक संचालित होते हैं, लेकिन प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करता।

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी तथा आवासीय क्षेत्र में डंपरों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी।

सूचना मिलने पर परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और परिजनों के बीच मुआवजे तथा अन्य मांगों को लेकर वार्ता जारी थी।

सुमित मुंडा की असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही का परिणाम बता रहे हैं। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Post