Breaking
Sun. Jun 14th, 2026

गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर मानगो चौक में छबील सेवा, राहगीरों को बांटा गया ठंडा शरबत और चना प्रसाद

जमशेदपुर: सिखों के पांचवें गुरु एवं “शहीदों के सरताज” श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज के पावन शहीदी दिवस पर रविवार को मानगो चौक स्थित होटल रिखराज के समीप झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी की ओर से छबील सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों के बीच ठंडा मीठा जल (शरबत) तथा चना प्रसाद का वितरण कर गुरु साहिब की शहादत को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अरदास के साथ हुई। सदर अमृतपाल सिंह ने वाहेगुरु जी के चरणों में अरदास करते हुए गुरु साहिब की याद में वितरित किए जा रहे प्रसाद में बरकत बनाए रखने तथा समाज और कौम की सेवा में जुटे सभी पदाधिकारियों को स्वस्थ एवं सेवाभावी बनाए रखने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि श्री गुरु अर्जुन देव जी ने सत्य, मानवता और धर्म की रक्षा के लिए अद्वितीय बलिदान दिया। मुगल बादशाह जहांगीर के अत्याचारों के सामने झुकने के बजाय उन्होंने धर्म और सिद्धांतों की रक्षा करते हुए शहादत स्वीकार की। तपती तवी पर बैठाकर और गर्म रेत डालकर दी गई अमानवीय यातनाओं के बावजूद गुरु साहिब का मन प्रभु भक्ति में अडिग रहा। इसी कारण उन्हें आज भी “शहीदों के सरताज” के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया जाता है।

कार्यक्रम में वार्ड संख्या 14 के पार्षद अश्वनी सिंह राजपूत, वार्ड संख्या 34 के पार्षद हेमंत कुमार सिंह, अजीत सिंह, गुरदीप सिंह भाटिया, जसवीर सिंह भाटिया, राजा भाटिया, गुलजार सिंह भाटिया, हरप्रीत सिंह भाटिया, मीका सिंह, गुरपाल सिंह, भूपेंद्र सिंह, विजय कुमार, गुरजीत सिंह, ओमप्रकाश, जसपाल सिंह, अमरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी के महासचिव बलजीत सिंह, संरक्षक एवं पूर्व प्रधान सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सरदार त्रिलोक सिंह बाबा, सरदार तारा सिंह, सरदार कबीर सिंह भाटिया, सरदार राजेंद्र सिंह भाटिया समेत कई गणमान्य लोगों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सेवा कार्य में सहयोग दिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गुरु अर्जुन देव जी के जीवन, उनके आध्यात्मिक योगदान तथा मानवता के प्रति समर्पण को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। आयोजन के अंत में सभी ने गुरु साहिब की शहादत को नमन करते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सिख समाज आंदोलन समिति के अध्यक्ष एवं झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी के सीनियर एडवाइजर सरदार अवतार सिंह भाटिया ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का बलिदान पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सत्य, सेवा और सहिष्णुता का मार्ग दिखाती हैं।

Related Post