Breaking
Mon. Jun 15th, 2026

मंझारी प्रखंड की खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर रामहरि पेरियार ने उठाई आवाज

चाईबासा: एंटी करप्शन ऑफ इंडिया, झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष रामहरि पेरियार ने मंझारी प्रखंड क्षेत्र में लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था, अनियमित बिजली आपूर्ति और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है।

इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को भेजे गए पत्र में रामहरि पेरियार ने कहा है कि मंझारी प्रखंड के ग्रामीण उपभोक्ता लंबे समय से बिजली से जुड़ी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। बार-बार बिजली कटौती, फ्यूज की समस्या, ट्रांसफार्मर में खराबी और शिकायतों के समाधान में हो रही देरी के कारण आम लोगों, छात्र-छात्राओं, किसानों और छोटे व्यवसायियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने विद्युत विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली की निष्पक्ष समीक्षा की जाए। साथ ही लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मियों के स्थानांतरण पर भी गंभीरता से विचार किया जाए, ताकि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

रामहरि पेरियार ने कहा कि मंझारी प्रखंड में नियमित, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग भी की है।

उन्होंने कहा कि बिजली आज के समय में विलासिता नहीं बल्कि लोगों की मूलभूत जरूरत है। विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्रों का विकास प्रभावित होता है और आम जनता की परेशानियां बढ़ती हैं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जनहित से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि विद्युत कार्यपालक अभियंता, चाईबासा को भी भेजी गई है।

Related Post