लोहरदगा: भंडरा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कुंदो मोड़-भंडरा चट्टी मार्ग पर ओवरटेक के दौरान हुए हादसे में ऑटो सवार एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सुशीला कुमारी (27 वर्ष), पिता भगीरथ लोहरा, निवासी पंडरिया, थाना भंडरा, जिला लोहरदगा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुशीला कुमारी चट्टी बाजार से ऑटो पर सवार होकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे कुंदो मोड़ के समीप पीछे से आ रहे एक अन्य ऑटो चालक ने तेज गति में ओवरटेक करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवरटेक के दौरान दूसरे ऑटो ने सुशीला जिस ऑटो में सवार थीं, उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और दाहिनी ओर बैठी सुशीला कुमारी सड़क पर जा गिरीं। इसके बाद ऑटो उनके ऊपर पलट गया। हादसे में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद उनके दोनों कानों से खून बहने लगा था। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को उपचार के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। लोहरदगा सदर थाना के सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने सदर अस्पताल पहुंचकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कराई, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान झारखंड राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत, लोहरदगा के जिला अध्यक्ष शमसुल अंसारी, बरतू उरांव सहित मृतका के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद पंडरिया गांव में शोक की लहर है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। तेज रफ्तार और लापरवाही से किया गया ओवरटेक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ, जिसने एक युवा महिला की जिंदगी छीन ली और परिवार को गहरे सदमे में छोड़ दिया।
ओवरटेक की जल्दबाजी बनी जानलेवा: ऑटो पलटने से महिला की दर्दनाक मौत, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

