Breaking
Thu. Jun 4th, 2026

भाजपा जुगसलाई मंडल की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर हुई चर्चा

जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी जुगसलाई मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को मंडल कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष हन्नु जैन ने की। इस अवसर पर मंडल प्रभारी दीपक झा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनमोल शर्मा, प्रकाश जोशी तथा पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि नागेंद्र पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई। हाल ही में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण और उसके प्रभाव की समीक्षा की गई। साथ ही संगठन की ओर से चलाए जाने वाले विभिन्न जनसंपर्क एवं सामाजिक अभियानों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मंडल स्तर पर व्यापक रूप से चलाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले योग कार्यक्रमों की तैयारियों और सफल संचालन को लेकर भी कार्यकर्ताओं के बीच विचार-विमर्श किया गया।

पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से जनहित एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में विभिन्न शक्ति केंद्रों के प्रभारी, संयोजक और सह-संयोजकों ने भी अपने सुझाव रखे।

बैठक में चंद्रशेखर दास, देवेंद्र शर्मा, रितेश जैन, सुनील साहू, पिंटू सैनी, पिंटू शर्मा, शिल्प तापड़िया, निशा दीक्षित, अशोक सारस्वत, ओमप्रकाश पाठक, नितिन झा, अनूप खान, पवन सिंह, अनिकेत कुमार, सूरज वर्मा, आयुष राज, विजय हेम्ब्रम, विनय शर्मा, जितेंद्र सिंह, बिमल देवी, चरणपाल सिंह, स्नेहलता सिंह, सूरज सिंह, अनिल सेठ समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post