Breaking
Thu. Jun 4th, 2026

स्वच्छ गांव–सुरक्षित जलवायु अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें लोग: उपायुक्त मनीष कुमार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने जिलेवासियों से “स्वच्छ गांव–सुरक्षित जलवायु अभियान” में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह विशेष अभियान 1 से 5 तारीख तक पूरे राज्य के साथ-साथ पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है।

उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न पंचायतों और गांवों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा वृक्षारोपण, स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, प्रभात फेरी, जल स्रोतों की साफ-सफाई तथा घरों में कचरा प्रबंधन के लिए बोरा वितरण जैसे कई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा जलवायु सुरक्षा के प्रति जनचेतना विकसित करना है।

मनीष कुमार ने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने जिलेवासियों से इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए आगे आने और अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने अपने संदेश में कहा कि सभी लोग मिलकर अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ, हरित, सुंदर और सुरक्षित बनाने में योगदान दें तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जिले को और अधिक स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक एक कदम आगे बढ़ाए और इस अभियान को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे।

Related Post