चाईबासा: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को सदर अस्पताल परिसर से उपायुक्त मनीष कुमार ने मलेरिया से बचाव, तंबाकू निषेध और मिशन उदय के जन-जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि जून माह को जिले में “मलेरिया रोधी माह” के रूप में मनाया जाएगा। मानसून के आगमन के साथ मलेरिया के प्रसार की संभावना बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत ग्राम गोष्ठी, रात्रि चौपाल, विद्यालय जागरूकता कार्यक्रम, रैली, प्रभातफेरी, दीवार लेखन, पोस्टर और बैनर के माध्यम से लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में भी मलेरिया संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मिशन उदय के अंतर्गत 1 जून से 8 जून तक सहिया कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एकत्र की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
जागरूकता रथ के माध्यम से आम लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को मलेरिया की रोकथाम और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। साथ ही हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया।
मौके पर सिविल सर्जन डॉ. राजेश कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, गोपनीय प्रभारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

