Breaking
Sun. May 31st, 2026

छह वर्षों से पूरा राशन नहीं मिलने का आरोप, उपायुक्त से लगाई न्याय की गुहार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा निवासी रविन्द्र ठाकुर ने उपायुक्त को आवेदन देकर जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदार निसार अहमद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में कहा गया है कि उनके राशन कार्ड में परिवार के पांच सदस्य दर्ज हैं, लेकिन पिछले छह वर्षों से उन्हें केवल एक यूनिट के आधार पर राशन दिया जा रहा है।

रविन्द्र ठाकुर ने बताया कि उनका राशन कार्ड संख्या 202005265297 है। आरोप है कि बड़ी बाजार स्थित पीडीएस दुकान के संचालक निसार अहमद द्वारा परिवार के सभी सदस्यों के हिस्से का राशन नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि जब भी पूरे परिवार के अनुपात में राशन और सरकार द्वारा आवंटित अन्य सामग्री की मांग की जाती है तो दुकानदार कथित रूप से दुर्व्यवहार करता है और शिकायत करने पर किसी कार्रवाई का डर नहीं होने की बात कहता है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कोरोना काल के दौरान भी उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली कई सामग्री नहीं मिली। रविन्द्र ठाकुर का आरोप है कि वर्षों से साड़ी, धोती, लुंगी, चना दाल समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी उन्हें नहीं दिया गया।

उन्होंने दावा किया है कि वर्ष 2021 से 2026 तक डीलर द्वारा सादे कॉपी में केवल एक यूनिट के हिसाब से राशन वितरण का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है, जिसकी छायाप्रति उन्होंने आवेदन के साथ संलग्न की है। वहीं ऑनलाइन रिकॉर्ड में 25 किलोग्राम राशन दर्शाए जाने का आरोप भी लगाया गया है। इसके समर्थन में ऑनलाइन विवरण की प्रति भी आवेदन के साथ दी गई है।

रविन्द्र ठाकुर ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा किसी अन्य विभाग से जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित डीलर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि वह गरीब एवं मजदूर परिवार से आते हैं और उन्हें प्रशासन से न्याय मिलने की उम्मीद है।

इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं खाद्य सचिव को भी भेजी गई है।

Related Post