Breaking
Tue. May 26th, 2026

विश्व तंबाकू निषेध दिवस को लेकर आईटीआई संस्थानों में जागरूकता अभियान आयोजित*

चाईबासा: विश्व तंबाकू निषेध दिवस (31 मई) के अवसर पर मंगलवार को विशेष अभियान के तहत सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और राज औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 2026 में विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्धारित विषय “तंबाकू एवं निकोटीन की लत के प्रति आकर्षण का पर्दाफाश करें” के प्रति लोगों को जागरूक करना था, ताकि भावी पीढ़ियों को तंबाकू की लत से बचाया जा सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुक्ति बिरुआ ने बताया कि जिले में 26 मई से 26 जून तक विशेष तंबाकू निषेध अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को तंबाकू और निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

डॉ. संगीता ने बताया कि तंबाकू सेवन से बाल झड़ना, दांतों में सड़न, फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग, बदरंग अंगुलियां, पेट में अल्सर, विकृत शुक्राणु और गैंग्रीन जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।

वहीं अनूप ने कहा कि किशोर और युवा तेजी से तंबाकू उत्पादों के सेवन के आदी हो रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन किसी भी रूप में हानिकारक है और जागरूकता तथा कोटपा नियमों के पालन से इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

उन्होंने कोटपा अधिनियम 2003 और झारखंड कोटपा अधिनियम 2021 की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है। नियम का उल्लंघन करने पर एक हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की खरीद-बिक्री पर भी प्रतिबंध है।

कार्यक्रम में सदर अस्पताल के दंत चिकित्सा विभाग में संचालित तंबाकू निवारण केंद्र की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि तंबाकू की लत छोड़ने के इच्छुक लोग वहां इलाज करा सकते हैं। इसके अलावा तंबाकू मुक्ति के लिए टोल फ्री नंबर 1800-11-2356 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई। मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Post