हजारीबाग। लखीसराय से रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए निकले पांच दोस्तों की कार शुक्रवार रात चौपारण थाना क्षेत्र की घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि घाटी के एक मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में तीन युवकों को हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किए जाने की जानकारी है। घायलों की पहचान राहुल कुमार, करण कुमार, नीरज कुमार और संजय साहू के रूप में हुई है। सभी लखीसराय जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।
घायलों के अनुसार, पांचों युवक आपस में दोस्त हैं और कार से रजरप्पा मंदिर में पूजा करने के लिए निकले थे। रात में घाटी के मोड़ के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। युवकों ने किसी दूसरी गाड़ी से टक्कर होने की बात से इनकार किया है। बताया गया कि कार की पिछली सीट पर बैठे कुछ युवक हादसे के समय सो रहे थे, जिसके कारण उन्हें दुर्घटना के बारे में तत्काल पूरी जानकारी नहीं हो सकी।
हादसे में मृत युवक की पहचान को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। घायलों के बयान में मृतक के नाम को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आने के कारण पुलिस आधिकारिक पुष्टि के बाद ही उसकी पहचान स्पष्ट करेगी। घायलों ने बताया कि वे नशे की हालत में नहीं थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और कार के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

