Breaking
Sun. Aug 2nd, 2026

सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर किया भोजन

चक्रधरपुर: सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी की सादगी मंगलवार को एक बार फिर देखने को मिली। दोनों गुदड़ी प्रखंड के लिगिर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां कार्यक्रम समाप्ति के बाद ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया।

कार्यक्रम स्थल जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण आयोजकों ने ग्रामीणों, सांसद और विधायक के लिए जमीन पर बैठकर भोजन की व्यवस्था की थी। सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी बिना किसी औपचारिकता के ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठ गए। आयोजकों ने सखुआ के पत्तल में भोजन परोसा और दोनों नेताओं ने ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए भोजन ग्रहण किया।

भोजन के दौरान कुछ ग्रामीण सांसद और विधायक को जमीन पर बैठकर भोजन करते देख असहज महसूस करने लगे। इस पर जोबा माझी ने ग्रामीणों से कहा कि वह एक आंदोलनकारी शहीद परिवार से आती हैं और राजनीति में किसी भी पद पर रहने के बावजूद जमीन से जुड़ाव कभी खत्म नहीं होगा।

गौरतलब है कि देवेंद्र माझी सारंडा-पोड़ाहाट क्षेत्र में जल, जंगल और जमीन के अधिकार के लिए संघर्ष करते हुए शहीद हो गए थे। बताया जाता है कि देवेंद्र माझी के विधायक रहने के दौरान जोबा माझी चक्रधरपुर के इतवारी बाजार में सब्जी बेचती थीं। वर्तमान में सांसद होने के बावजूद वह खेती-बाड़ी और घरेलू कार्यों से जुड़ी हुई हैं।

Related Post