जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार सुबह मिले किशोरी के शव की पहचान पुलिस ने कर ली है। मृतका बिरसानगर इलाके की रहने वाली बताई जा रही है। पहचान होने के बाद पुलिस अब इस बात की जांच में जुट गई है कि किशोरी सोपोडेरा तक कैसे पहुंची और उसके साथ कौन लोग थे।
जानकारी के अनुसार, किशोरी शहर के एक घर में काम करती थी। घटना के बाद उसके परिजन परसुडीह थाना पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान की। पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोरी की हत्या किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। पुलिस मृतका के माता-पिता और परिचितों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थी।
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर में किशोरी का शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ललित मीणा भी घटनास्थल पहुंचे और जांच का जायजा लिया। डॉग स्क्वायड तथा फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं और फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं। डॉग स्क्वायड आसपास के इलाके में कुछ दूरी तक गया, जिससे पुलिस को कुछ सुराग मिलने की उम्मीद है।फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

