चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा-गोईलकेरा मुख्य मार्ग पर आमराई-पालूहासा के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सोनुआ अस्पताल पहुंचाया गया।
सोनुआ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। तीनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं अन्य दो घायलों का इलाज सोनुआ अस्पताल में किया गया।
जानकारी के अनुसार, चाईबासा-गोईलकेरा मुख्य मार्ग पर आमराई-पालूहासा के समीप बाइक और स्कूटी की टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों पर सवार पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल के बावजूद संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर घायलों को सोनुआ अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क दुर्घटना जैसे आपात मामलों में समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होना जरूरी है। एंबुलेंस सेवा से संपर्क नहीं होने के कारण घायलों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से आपातकालीन एंबुलेंस सेवा को सुचारु रखने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

